शुक्रवार, 17 मई 2019

पर्यावरण और प्रकृति को बचाने से ज्यादा उससे डरने की जरूरत है






डर क्यों जरूरी है


कोई अपने को चाहे कितना भी बहादुर समझें और कहे कि उसे किसी चीज से डर नहीं लगता तो यह एक मिथ्या भ्रम है। जहाँ तक पर्यावरण और प्रकृति की बात है तो मनुष्य को हिंसक पशुओं, जहरीले कीड़े मकोड़ों, पहाड़ों और खाइयों की ऊँचाई और गहराई, बर्फ की सिल्लियों के लुढ़कने, वनों में लगने वाली आग, उफनती नदियों की भीषण रफ्तार और धरती पर ज्वालामुखी के फटने से लेकर हर उस चीज से डर लगता है जो हमारे अस्तित्व को चुनौती दे सकती है।


यह तो हुई पर्यावरण या कुदरत की बात और उसके द्वारा की जा सकने वाली विनाशलीला जो इस हकीकत पर अधिक निर्भर है कि हम पहले तो उसमें दखलंदाजी कर उसके साथ छेड़खानी और मनमाना व्यवहार करते हैं और जब उसके क्रोध दिखाने पर आतंकित होते हैं तो उसे बचाने की बात करने लगते हैं। पर्यावरण बचाओ आंदोलन के आवरण में हम प्रकृति को और अधिक उग्र होने के लिए मजबूर करते रहते हैं।



उदाहरण के लिए हम पहले से अधिक जहरीले रसायन नदियों और नालों में बहाने लगते हैं, शहरों में सीवर सिस्टम को जाम कर देते हैं और देहाती इलाकों में नालों में बरसों तक गंदगी को जमा होने देते हैं।इसी तरह खेतों की छीजन और सूखे कूड़े कचरे को आग के हवाले कर देते हैं। इस सब के बदले में जब बीमारियाँ फैलती हैं, लोग मरने लगते हैं तो हम पर्यावरण को बचाने का झूठा शोर मचाने लगते हैं।हम यह भूल जाते हैं कि यह हालत इसलिए हुई है कि इंसान ने कुदरत को अपने हाथ का खिलौना बनाने की कोशिश की, उससे डरना छोड़कर उसे अपने अधीन करने की हिमाकत करने लगा और अपने विनाश को स्वयं न्योता देने लगा जिसे हम बैल मुझे मारकह सकते हैं।


जल और वायु


दो शब्दों के मेल से बना जलवायु शब्द पर्यावरण की व्याख्या करने के लिए काफी है। यह दोनों या इनमें से एक भी हो तो धरती पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। पृथ्वी का ईकोसिस्टम इन्हीं दो तत्वों पर आधारित है और उसके लिए इंसान का कोई मोल नहीं है। वह एक झटके में हजारों लाखों जिंदगियों को लील सकता है। इसलिए इनसे डरे बिना रहकर इंसान की कोई गति नहीं है। कदाचित् इसी कारण से प्राचीन काल से हमारे यहाँ इनकी पूजा होती आई है।भय बिन होए प्रीतइसी को कहते हैं। इनसे डरना छोड़कर मनमानी करने का नतीजा केदारनाथ में जल प्रलय, नदियों में भीषण बाढ़, बर्फीली चट्टानों के खिसकने से लेकर बेमौसम बरसात और जाने कितने रूपों में हमें भुगतना पड़ता है।


पर्यावरण और प्रकृति से डरकर रहने का अर्थ यही है कि हम उन के अनुरूप अपने को ढाल तो सकते हैं लेकिन उनका मुकाबला करने की जुर्रत नहीं कर सकते। जिन देशों और समाज ने इस वास्तविकता को समझा, उन्होंने पर्यावरण को लेकर कुछ ऐसे कानून बनाए कि वे अनोखे आर्थिक लाभों का कारण बने, जीवन जीने लायक हुआ और जितने भी प्राकृतिक संसाधन थे, उनका दोहन होने के कारण वे निरंतर फलदायी बने रहे। जितने भी विकसित देश हैं, उनकी आर्थिक सफलता और सामाजिक समृद्धि का यही मूलतत्व है कि उन्होंने कुदरत का आशीर्वाद तो लिया लेकिन कभी उसका सामना करने की हिम्मत नहीं की।


यूरोप, अमरीका, आस्ट्रेलिया और एशिया के जिन देशों में औद्योगिकीकरण की शुरुआत से ही इस बात का ध्यान रखा गया कि लोगों को पीने का साफ पानी मिलने और साँस लेने के लिए शुद्ध हवा मिलने में कोई रुकावट आने पाए तो वहाँ इसका दूरगामी परिणाम यह निकला कि लोग स्वस्थ और तरोताजा रहने के कारण अधिक समय तक काम करने के काबिल बने, बीमारियाँ होने से इलाज का खर्च बचा और आमदनी बढ़ने से जिंदगी जीने का मजा आने लगा।


यह सब इसलिए सम्भव हो पाया कि ये देश पर्यावरण का मिजाज बिगाड़ने वाले किसी भी काम से केवल दूर रहे बल्कि अगर किसी ने ऐसा करने की कोशिश की तो उस पर कानून का शिकंजा कुछ इस तरह से कसा कि वह किसी भी प्रकार से बच सके।


उत्पादन और खपत


उद्योग और कृषि किसी भी अर्थव्यवस्था का मूल आधार हैं। हमारे देश में इन दोनों के विकास और फैलाव को लेकर जो भी नीतियाँ बनीं उनमें पर्यावरण को केवल कागजी सम्मान दिया गया और प्रकृति का केवल अनादर किया गया बल्कि उसे नष्ट करने की हिम्मत दिखाकर उसे विनाशक बनने के लिए भी मजबूर कर दिया। यदि ऐसा होता तो कल कारखानों से निकले जहरीले रसायन नदियों को दूषित कर पाते और उस पानी से सींचीं गयी फसलें सेहत के लिए हानिकारक होतीं। यही नहीं रासायनिक कीटनाशकों का अंधाधुँध इस्तेमाल पेड़ पोधों के लिए जरूरी मित्रकीटों और पशुधन को ही नहीं इंसान को भी खतरे में नहीं डाल पाता।


जहाँ तक औद्योगिक उत्पादन और उसकी खपत का सम्बंध है, उसके लिए बनाई नीतियों और सदियों पुरानी परम्पराओं में पर्यावरण को सुरक्षित बनाए रखने को महत्व देते हुए जरूरी बदलाव करने होंगे क्योंकि इनका सीधा असर ऊर्जा, भोजन, स्वास्थ्य, परिवहन और रहन सहन पर पड़ता है।


आज औद्योगिक टेक्नॉलोजी और वैज्ञानिक अनुसंधान तथा उसके प्रचार प्रसार का दौर है। पलक झपकते ही पूरी दुनिया हमारे सामने खुली किताब बन जाती है। क्या हम इस बात की अनदेखी कर सकते हैं कि हमारे घरों में अब पंछी क्यों नहीं चक्कर लगाते, पीने के पानी में ज्यादा फ्लोराइड होने से पीढ़ियों तक के हाथ पैर और बदन टेढ़े मेढ़े क्यों हो रहे हैं, नदी, तालाब से लेकर घर में नल का पानी पीने तक से डर क्यों लगता है ; यहाँ तक कि खुलकर साँस लेने से खाँसी से लेकर अस्थमा तक के शिकार हो जाते हैं।


कारण और उपाय


इसका कारण एक ही है कि हम पर्यावरण और प्रकृति का सम्मान करने को कोई महत्व नहीं देते, यहाँ तक कि उसकी अनदेखी कर अँगूठा दिखाने का काम करते रहते हैं और इस तरह अपनी असामयिक मृत्यु का आह्वान करते रहते हैं। इसका केवल एक ही उपाय है कि उसके कुपित होने से उत्पन्न प्रकोप से यदि बचे रहना चाहते हैं तो उससे डरना सीखें क्योंकि डर ही एक ऐसा शक्तिशाली प्रेरक तत्व है जो हमसे हमारी नीतियों और कार्यप्रणाली में परिवर्तन करा सकता है।


जरा सोचिए, हमारा आदिवासी समुदाय, वनों में रहने वाली आबादी और सुदूर क्षेत्रों में बसी जनजातियाँ आधुनिक विकास से दूर होने पर भी अपने आप को सुरक्षित और आत्मनिर्भर क्यों समझती हैं ? ऐसा इसलिए है क्योंकि वे पर्यावरण और प्रकृति को अपना हितैषी मानते हैं जबकि महानगरों, शहरों और कस्बों में रहने वाले शत्रुतापूर्ण व्यवहार करते हैं।


(भारत)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें