शुक्रवार, 31 जनवरी 2020

इतिहास जब अपने को दोहराता है











यह स्वाभाविक है कि जब समाज में कोई ऐसी घटना होती है जो चिंता पैदा करने वाली हो, दिल और दिमाग को झकझोर देने वाली हो और देशवासियों को सोच में डाल दे कि क्या अब यही देखना बाकी था तो हम उसकी तुलना करने के लिए इतिहास में घटी ऐसी घटना खोजने लगते हैं जो इस जैसी हो या इसकी तुलना उससे की जा सकती हो।


बगावत या विरोध 

यह संयोग ही है कि इन दिनों देश में हो रही कुछेक घटनाएँ स्वतंत्रता आंदोलन के समय घटी वैसी ही घटनाओं की पुनरावृत्ति कही जा सकती है।
एक उदाहरण है: पंजाब केसरी लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी को हुआ था और यह उनकी 155वीं वर्षगाँठ थी जो अनेक समारोहों, सरकारी और गैर सरकारी, दोनों में ही मनाई गयी और उनकी स्मृति में उनके कार्यों का उल्लेख किया गया। 


लाला लाजपत राय जहाँ स्वदेशी आंदोलन के प्रवर्तकों में थे, वहीं बालगंगाधर तिलक के नारे ‘स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है‘ के अलमबरदारों में भी थे। जब साइमन कमीशन, जिसके सभी सदस्य अंग्रेज थे और वह भारतवासियों के लिए संविधान की बात करने आए थे जो जाहिर है कि उसका विरोध होना ही था।



 लाला जी ने उसका इतना जबरदस्त विरोध किया और इसके लिए अभूतपूर्व आंदोलन का नेतृत्व किया कि अंग्रेजी शासन को लाठी चार्ज करना पड़ा और लाला जी को गम्भीर चोटें आईं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि उनके शरीर की हरेक चोट अंग्रेजी हुकूमत के कफन की कील साबित होगी।



लाला जी ने एक और नारा लगाया था कि ‘साइमन गो बैक, वापिस जाओ‘। अब देखिए कुछ वैसी ही परिस्थितियों में संविधान संशोधन विधेयक को लेकर दिल्ली के शाहीन्  बाग मे इस कानून को वापिस लेने के लिए आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कुछ पत्रकारों और सत्तारूढ़ लोगों के लिए यही नारा लगाया ‘गो बैक, वापिस जाओ‘। इसके बाद केरल विधान सभा स.त्र के शुरू होने पर राज्यपाल के भाषण पर भी यह नारा वहाँ के विधायकों ने लगाया ।


यह शायद किसी के लिए भी बताना संभव नहीं है कि राज्यपाल के लिए यह नारा क्यों लगाया जा रहा है क्यंूकि वह तो अपने ही हैं। इसी तरह शाहीन बाग में भी इस नारे के लगने और सरकार विरोधी भाषणों के होते हुए भी इतनी समझदारी तो सरकार दिखा ही रही है कि आंदोलन को कुचलने के लिए अंगरेजो जैसा कोई कदम नहीं उठाया और दोनों ही एक दूसरे को ताक रहे हैं कि कोई सूरत तो निकले जो यह मसला सुलझे।
यहाँ यह उल्लेखनीय है कि लालाजी ने ही कांग्रेसी नेताओं द्वारा हिंदुओं के हितों का बलिदान किए जाने की कीमत पर मुस्लिमों का तुष्टिकरण करने की नीति का विरोध किया था  और यही नहीं उन्होंने दिसम्बर 1923 में भारत का विभाजन मुस्लिम और गैर मुस्लिम भारत के रूप में करने का प्रस्ताव दिया था ।



अब एक दूसरी घटना देखिए। जे एन यू छात्र शरजिल इमाम ने देश के टुकड़े करने जैसा लगने वाला बयान दिया और असम और पूर्वोत्तर को पूरे देश से अलग करने तथा गैर मुस्लिमों को मुस्लिमों से खबरदार रहने जैसी बातें कीं तो उसकी गिरफ्तारी के लिए आवाज उठी और उसे पकड़ भी लिया गया और उसे गद्दार मान लिया गया।


शरजिल की तरह ही कुछ दूसरे लोग भी ऐसी बातें कर रहे हैं जो सरकार विरोधी तो हैं लेकिन देश के साथ गद्दारी करने जैसी हैं तो इस बारे में जाँच पड़ताल के बाद ही कुछ कहना चाहिए था लेकिन भाजपा सरकार के एक मंत्री ने फौरन ‘देश के गद्दारों को गाली देते हुए गोली मारने‘ का नारा लगा दिया ।


इसी तरह एक उम्मीदवार शाहीन बाग की तुलना पाकिस्तान से करता है। यहाँ सोचने की बात यह है कि अंग्रेजी शासन में क्रांतिकारी विचारधारा के चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह ने जिस तरह लाला जी के अपमान का बदला लेने के लिए सांडर्ज को गोली मार दी थी, उसी तरह आज भी क्या विरोधी सुरों को शांत करने के लिए गोलीबारी या हत्या करने की दिशा में कोई सोच भी सकता है ?


बापू गांधी अगर होते !

यह संयोग ही है कि लाला जी की जन्मतिथि के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि तीस जनवरी को आती है। बापू ने अहिंसा को परम ही नहीं राष्ट्र धर्म का भी दर्जा दिया और वे जीवन भर इसी सिद्धांत के प्रतिपादन में लगे रहे। जो उनसे असहमत थे जैसे कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस, वे भी उनका सम्मान एक पिता की ही भाँति करते थे। वैसे सुभाष की याद भी जनवरी में ही 23 तारीख को ताजा हो आती है।



 तो फिर आज अगर कोई आजाद हिंद फोज की कल्पना आज के समय में करेगा तो शायद सुभाष भी उससे मुँह फेर लेंगे क्योंकि उन्होंने विदेशी ताकतों का सहयोग भारत की आजादी के लिए माँगा था न कि आजकल हमारे देश के कुछ नेताओं की तरह पाकिस्तान या अन्य देशों का सहयोग अपने देश की सरकार को अस्थिर करने के लिए मांगते। जो नेता चाहे किसी भी दल के हों, अगर अपने अंदरूनी मामलों में दूसरे देशों को लाएँगे तो उसका नतीजा क्या होगा, यह समझने के लिए कश्मीर से बेहतर उदाहरण और क्या होगा ?



आज अगर बापू गांधी होते और उन्हें इस कानून की उलझन को सुलझाना होता तो वे निश्चित रूप से परस्पर बैर बढ़ाने जैसी किसी भी हरकत को न केवल नहीं होने देते बल्कि आंदोलन और प्रदर्शन करने वालों के बीच जाकर बैठ जाते और उनकी बात सुनते और यदि किसी की अनुचित जिद को तोड़ना होता तो अनशन करने से भी पीछे नहीं हटते।



आज न तो आंदोलनकर्मी गांधीवादी हैं और न ही सरकार गांधीवादी अहिंसा पर यकीन करती है क्योंकि उसके लिए जो अपने अंदर अनुशासन और नैतिक नियंत्रण चाहिए, उसके अभाव के कारण जो हो रहा है, वह अराजकता, मनमानी, कट्टरपन और नफरत के अतिरिक्त और कुछ नहीं है। 


आजादी क्या है ?

आजादी यही तो है कि जो व्यक्ति को अपने आप से लगाव, जुड़ाव और प्रेम करने का माहौल दे जो किसी की पराधीनता में सम्भव नहीं। इसका अर्थ यह है कि हम अपनी व्यक्तिगत सोच रखने, उसके अनुरूप काम करने और अपने घर परिवार का पालन पोषण करने को अपना अधिकार समझें। इसी तरह हम अपनी सोच के अनुसार काम करने, वोट देने और अपनी मनपसंद सरकार चुनने के लिए स्वतंत्र हों, यही तो आजादी है।


इसे इस तरह आसानी से समझा जा सकता है। उदाहरण के लिए एक तरफ सावरकर, गोलवरकर, दीन दयाल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सोच है, दूसरी तरफ गांधी, नेहरु, पटेल और मौलाना की सोच है और उससे केवल थोड़ी बहुत वैचारिक विभिन्नताएँ लिए लाला लाजपत राय, विपिन चंद्र पाल, बालगंगाधर तिलक की सोच है। इन सबसे भिन्न सुभाष चंद्र बोस की सोच है।


 अलग अलग सोच होते हुए भी यह सब भारत को गुलामी की बेडियों से मुक्त करने के लिए ही आंदोलन कर रहे थे। अब हुआ यह कि आजादी मिलने के बाद अलग अलग विचारधाराओं के मुताबिक उनके अनुयायी हो गए और स्वतंत्र भारत में इन सब को अपना विस्तार करने, उसके लिए प्रजातांत्रिक तरीके से लोगों तक अपनी बात पहुँचाने की आजादी मिल गयी।


यहाँ एक  और सोच जिसका आधार रूस और चीन से आयात किया गया था, वह भी यहाँ पनपती रही जो अब वामपंथी कहलाती है, उसका जिक्र भी करना होगा जो अपना लक्ष्य साधने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।


इन सब का आधार भारतीयता है इसलिए जब इनके बीच संघर्ष होता है तो वह भारत को अपनी सोच के अनुसार दिशा देने का प्रयास होता है लेकिन जब इनकी सोच पर विदेशियों, अलगाववादियों का कब्जा होने लगे तो समझ लीजिए कि इनके पतन का दौर शुरू होने के साथ साथ देश के बिखरने का सिलसिला भी शुरू हो जाता है।


 किसी भी समस्या का समाधान तब ही हो सकता है जब अपनी सोच जो भी हो , उसे कुछ देर के लिए एक किनारे रखकर उन लोगों के बीच जाकर यह समझने की कोशिश की जाए कि उनकी सोच क्या है और किस तरह से अपनी और उनकी सोच के बीच तालमेल बिठाया जा सकता है। किनारे पर बैठकर अटकलें लगाने से यह कभी नहीं समझा जा सकता कि कोई विरोध क्यों कर रहा है और उसके पीछे वास्तविक कारण क्या हैं ?


भावनाओं के वशीभूत होकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाने, जो किसी को देश विरोधी तक लग सकते हैं, ऐसे नारे लगाने से कोई देशद्रोही नहीं हो जाता जब तक कि यह तय न हो जाए कि उस व्यक्ति के जरिए किसी शत्रु देश या बाहरी ताकत से हमारे देश को तोड़नेवाली साजिश हो रही है।



 अगर कोई तीसरा है जो पक्ष और विपक्ष यानी सरकार और प्रदर्शनकारियों को कठपुतली की तरह इस्तेमाल कर रहा है तो यह इतना खतरनाक है कि इसका मुकाबला करने के लिए अपने अपने मतभेद भूलकर उस तत्व को नेस्तनाबूद करना होगा। हमारे आपसी मतभेद तो सुलझ भी जाएँगे लेकिन अगर कोई तीसरा हिंदू मुसलमान को लड़ाकर भारत को तोड़ना चाह रहा है तो यह इतना भयावह है जितना कि देश के बँटवारे का समय था।


(भारत)

शुक्रवार, 17 जनवरी 2020

इंटरनेट के इस्तेमाल में सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी










यह सच है कि आज का दौर पूरी तरह आधुनिक बनने की कोशिश में तेजी से दौड़ रहा है! वक्त और फासलों की दूरियां बहुत कम हो गई है। इंटरनेट ने वह सब कुछ लगभग हमारे लिए आसान कर दिया है जो कभी असंभव होने जैसा लगता था। पलक झपकते ही अपने कम्प्यूटर या मोबाइल फोन की स्क्रीन पर दुनिया के किसी भी देश, स्थान और वहां के बारे में काफी हद तक सही और सटीक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


लालच बनाम दुरुपयोग

जिस तरह किसी भी चीज के दो पहलू होते है उसी तरह इंटरनेट से मिलने वाली सहूलियत के भी दो रूप हैं, एक बेहद लाभकारी और दूसरा हद दर्जे का नुकसानदायक और कभी कभी बेहद खतरनाक जो हमे मुसीबत में डाल सकता है, हमसे हमारा बहुत कुछ छीन सकता है और कंगाल तक बना सकता है।
सब से पहले यह जानना जरूरी है कि इंटरनेट से मोबाइल फोन के जरिए किस तरह किसी के साथ भी धोखाधड़ी, बेईमानी, जालसाजी और लूटपाट की जा सकती है।


यह भी समझना आवश्यक है कि हमारे अंदर जो लालच नामक शत्रु छिपा रहता है, वही अक्सर उजागर होकर हम पर इस प्रकार काबू कर लेता है कि कितने भी हम समझदार होने का दावा करें, बेबस हो ही जाते हैं और जब तक हमें अपने नुकसान होने का पता चलता है तब तक आम तौर से बहुत देर हो चुकी होती है और हमारे पास ज्यादातर हाथ मलने के सिवाय और अपने नुकसान पर शोक करने के अतिरिक्त कोई उपाय नहीं बचता।


इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से या उससे किसी को अपने चंगुल में फंसाने के तरीकों में जो सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते हैं, उनमें फिशिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, बैंक खातों में चोरी से रकम निकालने, ऑनलाइन खरीदारी के जरिए चूना लगाने जैसी वारदातों से लेकर वायरस से फोन और कंप्यूटर तक में सेंध लगाकर उनका डाटा चोरी कर उन्हें जाम करने तक के कारनामे शामिल हैं।


इसके जरिए मनी लॉन्ड्रिंग यानी गैरकानूनी तरीके से देसी विदेशी मुद्रा का अनैतिक और किसी भी देश की अर्थव्यवस्था को चैपट करने का व्यापार भी किए जाने के अनेकों उदाहरण अक्सर सामने आते रहते हैं।


तरीके क्या है?

ईमेल, फेसबुक, मैसेंजर और इसी तरह के दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के जरिए आपके साथ चालबाजी कैसे हो सकती है, इसके कुछ उदाहरण देने से बात आसानी से समझ में आ सकती है।


आपके पास अधिकतर मामलों में किसी अन्य देश से किसी महिला जो असली और बहुरूपिए के भेष में कोई पुरुष भी हो सकता है, उसकी तरफ से आपके फोन या मेल पर मैसेज आता है कि उसके पास जो करोड़ों की दौलत है, उसे वह भारत में निवेश करना चाहता है और उसके लिए किसी भारतीय को अपना साझेदार या भारी भरकम वेतन और कमीशन पर नियुक्त करना चाहता है।


निवेश कैसे और किस चीज में होगा तो उधर से जवाब आएगा कि अंबानी, टाटा, बिरला की तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर होगा जिसमें इंडस्ट्रियल यूनिट, माल, ट्रेडिंग से लेकर बहुत कुछ होगा और कहा जाएगा कि इस काम के लिए आपसे बेहतर और विश्वसनीय व्यक्ति भारत में और कोई नहीं है, इसलिए यह सब काम जो बहुत जिम्मेदारी का है, आपको करने के लिए सौंपना है और इसके लिए जल्दी ही वह अपनी टेक्निकल टीम के साथ इंडिया आ रही है।


आपके सहमति देते ही मैसेज आयेगा कि टीम के रहने के लिए किसी फाइव स्टार होटल में इंतजाम करना होगा और उसकी बुकिंग का पैसा उसके खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसके बाद आपके बैंक खाते की डिटेल मांगी जाएगी और जैसे ही आपने दी तो आपको पहला झटका यह लग सकता है कि आपके खाते से रकम निकाली जा चुकी है।


आप समझेंगे कि शायद दूसरी तरफ से होटल बुकिंग का एडवांस दिया गया होगा। अब आप कितने भी मैसेज दें, मेल करें या मैसेंजर या व्हाट्स अप पर फोन लगाएं तो निराशा के अतिरिक्त और कुछ नहीं हाथ नहीं लगेगा।


एक और तरीका यह आजमाया जाता है कि वह महिला  भारत के किसी एयरपोर्ट पर पहुंचने की सूचना देगी और मैसेज आयेगा कि उसे एयरपोर्ट पर रोक लिया गया है क्योंकि वह अपने कुछ जरूरी कागजात जल्दबाजी में लाना भूल गई है। यहां अधिकारी कह रहे हैं कि कोई मेरी जमानत ले ले और उसके लिए कुछ रकम जमा करानी होगी तो वह आप जमा करा दें और वह बाहर आते ही आपको दे देगी।



यह भी कहा जा सकता है कि वह अपने साथ डॉलर लायी है जो आपको देने थे लेकिन उनका मूल्य उस सीमा से बहुत ज्यादा है जितना वह कानूनी रूप से ला सकती थी। आपकी बात कस्टम अधिकारी से भी कराई जा सकती है जो असली भी हो सकता है पर ज्यादातर नकली होता है।


असली हुआ तो कहेगा कि यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला है और इन मैडम के पास कई लाख डॉलर है, अगर आप इनकी जमानत लेते हैं और सरकारी खाते में जरूरी फीस की रकम जमा करा देते हैं तो इन्हें छोड़ दिया जाएगा, वरना यहां डिटेंशन सेंटर में रखकर इनके देश से संपर्क कर डिपोर्ट कर दिया जाएगा। अगर नकली है तो आप विश्वास कर लेंगे और जो कहा गया है, उसके मुताबिक कदम उठा लेंगे।


ऐसे में अगर आप लालच और झांसे में आ गए तो वह तो छूट जाएगी और यहां जो असल में गैर कानूनी काम करने आई है, करेगी और आप जिदंगी भर अदालतों के चक्कर काट सकते हैं और मनी लॉन्ड्रिंग में जेल की हवा भी खा सकते हैं।


आपको भरमाने के लिए कोई विदेशी महिला आपके साथ भारत घूमने, साथ वक्त बिताने से लेकर शादी करने और घर  बसाने तक की पेशकश कर सकती है।

आपके हां करते ही इस बात की गारंटी है कि आपके रुपए पैसे से लेकर आपकी सुख शांति तक आपसे छिन सकती है। सामाजिक और पारिवारिक जीवन बर्बाद हो सकता है और यही नहीं किसी ऐसी मुसीबत में फंस सकते हैं जिसके लिए जीवन भर पछताने के अतरिक्त और कोई रास्ता शायद ही बचे।
इंटरनेट से हैकिंग, स्टॉकिंग, अनधिकृत डाउनलोडिंग, जासूसी, बच्चों के अपहरण से लेकर आतंकवादी गतिविधियों तक को अंजाम दिया जा सकता है।



इन सब को करने के लिए कंप्यूटर और नेटवर्क ऐसे हथियार हैं जिनका निशाना तो अचूक होता ही है, इनका इस्तेमाल करने वाले को पकड़ना तो दूर उसकी पहचान कर पाना भी टेढ़ी खीर है। इसका एक उदाहरण यह है कि आपके मेल बॉक्स में इतनी बड़ी संख्या और गति से मेल भेजे जाते हैं कि अच्छी खासी स्पीड रखने वाले उपकरण या नेटवर्किंग इंटरनेट की भाषा में ट्रैफिक जाम का शिकार हो जाते हैं।


व्हाट्सअप जैसे उपयोगी साधन का दुरुपयोग गुमराह करने, अस्तव्यस्ता फैलाने से लेकर आंदोलन और दंगा फसाद कराने तक में किया जाता है और यह बात प्रशासन या सरकार की जानकारी में भी जल्दी ही आ जाती है लेकिन इसकी काट करने का फार्मूला अभी तक नहीं निकल पाया है और न ही इसे रोका जा सकता है सिवाय यह करने के कि उस जगह इंटरनेट सेवाएं ही पूरी तरह बंद कर दी जाएं और यह कदम आज के दौर में फायदे की जगह नुकसान ही अधिक करता है क्योंकि इससे जनजीवन तो बिखर ही जाता है, साथ में शिक्षा से लेकर रोजगार और  व्यापार तक पर जबरदस्त गलत असर पड़ता है।


आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों के सुचारू रूप से चलने में रुकावट आती है और एक तरह से बंदिशों से भरी दिनचर्या हो जाती है।


क्या हो सकता है?


सबसे पहले तो शुरुआत अपने से इस वायदे के साथ करनी होगी कि लालच को अपने नजदीक न आने दें और किसी भी प्रलोभन को स्वीकार करने से पहले उस व्यक्ति या जो पेशकश  गई है, उसकी भली भांति जाँच कर लें और जब पूरी तरह भरोसा हो जाए तब ही किसी मैसेज, मेल का जवाब दें, किसी भी हालत में अंजान व्यक्ति को अपने खाते, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, ओटीपी या किसी और तरह की गोपनीय जानकारी न दें जिससे आपको लगता हो कि यह धोखा देने की समझबूझ कर चली गई चाल हो सकती हो।


हो सकता है इतनी सावधानी बरतने पर आपके हाथ से कोई मुनाफे का काम निकल जाए लेकिन इतना ध्यान रखें कि कहीं यह कहावत सच न हो जाए ‘सावधानी हटी और दुर्घटना घटी‘।


इसके अतिरिक्त सरकार को इतना तो करना ही चाहिए कि वह साइबर सुरक्षा के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए सभी उपलब्ध माध्यमों के जरिए प्रचार प्रसार करे। इतना होने पर भी यदि कोई अपने पांव पर कुल्हाड़ी मारता है तो उसका तो कोई इलाज ही नहीं है।


(भारत)

शुक्रवार, 10 जनवरी 2020

प्रेम, मित्रता, भक्ति के शत्रु अहंकार पर विजय











जब हमारे चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल हो, कुछ समझ में न आए कि हो क्या रहा है, जिधर नजर डालो, अलग सा हो जो  ठीक न लगे और  अपनी ही अक्ल पर भरोसा न रहे तो जरूरी है कि थोड़े वक्त के लिए अक्ल को घास चरने के लिए छोड़ दिया जाए और यह गुनगुनाया जाए।

यूं तो बेहतर है कि पासबाने अक्ल साथ रहे,
बेहतर है उसे कभी कभी तनहा छोड़ देना।

जिन्दगी की सौगात

कुछ और क्या चाहिए,  जब जीवन में प्रेम हो, दोस्ती हो और किसी के प्रति इतना समर्पण भाव हो कि वह भक्ति तक बन जाए।
निदा फाजली की रचना पर गौर कीजिए।

हम हैं कुछ अपने लिए कुछ हैं जमाने के लिए
घर से बाहर की फिजा हंसने हंसाने के लिए।


यूं लुटाते न फिरो मोतियों वाले मौसम
ये नगीने तो हैं रातों को सजाने के लिए।

अब जहां भी हैं वहीं तक लिखो रुदादे सफर
हम तो निकले थे कहीं और ही जाने के लिए।


मेज पर ताश के पत्तों सी सजी है दुनिया
कोई खोने के लिए है कोई पाने के लिए।

तुमसे छूट कर भी तुम्हे भूलना आसान न था
तुमको ही याद किया तुमको भुलाने के लिए।

हमारे समाज में मोहब्बत और दोस्ती की ऐसी ऐसी मिसालें हैं जिनका दुनिया भर में कोई सानी नहीं। यही नहीं अक्सर दूसरे मुल्कों के लोग यह सोचा करते हैं कि क्या ऐसा भी हो सकता है?

जंग के मैदान में एक दूसरे के सीने में खंजर खोबते रहे और शाम होते ही जो घायल हो उसकी तीमारदारी यही लोग करते पाए जाएं, यह दृश्य क्या कहीं और देखने को मिल सकता है ?

कृष्ण और उधव की दोस्ती

प्रेम और मित्रता का उदाहरण अगर पौराणिक कथाओं में ढूंढ रहे हों तो बहुत से मिल जाएंगे। इनमें से एक कृष्ण और उनके मित्र जिन्हें वे सखा कहते थे, उधव थे जो  एक  दूसरे को कान्हा और उधो के नाम से पुकारते थे।

कृष्ण चाहे कितने ही बड़े राजनीतिज्ञ रहे हों, युद्ध में उनके बुद्धि कौशल का डंका बजता रहा हो, राजसी ठाठ बाट और महलों में समस्त सुखों का भोग करते रहे हों, लेकिन कान्हा के रूप में तो वे चंचल, चपल, ठिठौली करने वाले और किसी के भी आंसुओं को मुस्कान में बदल देने वाले ही थे।

दूसरी तरफ उधव अपने बालपन में उनकी छवि अपने मन में घड़ लेते हैं और उनसे बिना मिले और उन्हें बिना देखे ही उनका चित्र बना लेते है और जब युवावस्था में दोनों मिलते हैं तो दोनों ही एक दूसरे के प्रति सखा भाव से प्रेरित होकर अश्रु सागर में हिलोरें लेने लगते हैं।

अब प्रेम और मित्रता की पराकाष्ठा देखिए!

कृष्ण के प्रति उधव का प्रेम उन्हें उनकी भक्ति तक करने की अवस्था में ले जाता है और वे उन्हें पूर्ण समर्पण भाव से चाहते हैं।

अहंकार से पतन

अब होता यह है कि चाहे कितना भी आदर, प्रेम, भक्ति हो, मनुष्य का एकमात्र दुर्गुण अहंकार उसे समाप्त करने के लिए काफी है। लेकिन दोस्ती वही जो दोस्त को पता लगे बिना ही उसकी परेशानी हो, कोई व्यसन हो या घमंड ही क्यों न हो, उसे इस प्रकार अंजाम दे कि कानों कान खबर भी न हो और काम भी हो जाए।
उधव को यह अहंकार था कि संसार में उनके जैसा कोई ज्ञानी नहीं है।

अब होता यह है कि कृष्ण के प्रति राधा और गोपियों का जो प्रेम था, उसकी व्याख्या करना शब्दों के भी परे की बात थी। उधो को लगा कि  कान्हा को कृष्ण बनकर राजकाज संभालना चाहिए और गोपियों का जो उनसे प्रेम है वह सत्ता चलाने के रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट है।


उधव एक सखा की तरह नहीं एक मित्र की भांति कृष्ण को समझाते हैं कि वे गोपियों से कहें कि वे उन्हें भूल जाएं और जो प्रेम, रास, रंग, मोह था वह युवावस्था का ज्वार था, अब वे राजा है इसलिए उन्हें याद न किया करें क्योंकि गोपियों के याद करते ही कृष्ण सब काम छोड़कर उनके पास पहुंच जाते हैं।

कृष्ण समझ गए कि यह उनके मित्र का अहंकार बोल रहा है और एक सखा और मित्र होने के नाते उनका कर्तव्य है कि उधव का यह दुर्गुण दूर किया जाए।
कृष्ण जो रास्ता अपनाते हैं वह उधव को गोपियों के पास भेजकर उन्हें सांसारिक शिक्षा का ज्ञान देने का है।

उधव अपना पूरा ज्ञान लेकर गोपियों के पास जाते हैं और उन्हें योग, ध्यान, कर्म आदि सिखाने का प्रयत्न करते हैं।

अब गोपियां उधव की जो हालत करती हैं, वह अपने आप में किसी के लिए भी इस सीख से कम नहीं है कि इंसान को जब घमंड हो जाए तो उसे दूर करने के लिए सच्चे मित्र को क्या करना चाहिए। उधव के ज्ञान की गठरी तितर बितर हो जाती है, पूरा ज्ञान धूल में मिल जाता है और वे ज्ञान के मिथ्या भार से मुक्त होकर कृष्ण के पास आते हैं और अब एक सामान्य व्यक्ति की भांति व्यवहार करते हैं।

उधव और गोपियों का पूरा प्रसंग हास्य, विनोद, मजाक और सहज भाव से भरा है और शायद यही एकमात्र वर्णन है जो मन को गुदगुदाता है, चेहरे पर मुस्कान लाता है और खुलकर हंसाता है।

आज क्यों प्रासंगिक है ?

अब इस बात पर आते हैं कि वर्तमान परिस्थितियों में इस प्रसंग की कितनी आवश्यकता है।

सत्ता के शीर्ष पर बैठे दो मित्र जिनमें सखा भाव भी है, उनमें से एक को अहंकार ने घेर लिया है कि जो वह कहता, सोचता और करता है, वही अंतिम सत्य है।
ऐसे में उस व्यक्ति के परम मित्र का जो उनसे ऊंचे पद पर है, यह कर्तव्य हो जाता है कि वह अपने मित्र का अहंकार दूर करने के लिए कुछ तो ऐसा करे जिससे प्रजा में सत्ता के प्रति अविश्वास न बढ़े।

कान्हा रूपी मित्र को उधो रूपी सखा को गोपियों रूपी जनता के बीच यह समझने के लिए भेज देना चाहिए कि हकीकत क्या है, लोग इतने गुस्से में क्यों हैं कि किसी भी बात को समझना तो दूर, सुनना भी नहीं चाहते ?

क्रोध कभी भी बिना किसी वजह के नहीं होता, घमंड कभी उत्थान का कारण नहीं बन सकता, वह केवल पतन ही करा सकता है।

अगर ऐसा नहीं होता तो कृष्ण की द्वारका नगरी के समुद्र में डूब जाने का इतिहास अपने को दोहरा सकता है।

इसके विपरीत इन्हें यह भी सोचना चाहिए कि यदि हनुमान को अहंकार हो जाता तो क्या वे राम के हृदय में स्थान पा सकते थे।

आज इसी बात की परीक्षा है कि अहंकार का अंत कब और कैसे हो? निदा फाजली की एक गजल की पंक्तियां हैं:

कभी कभी यूं भी हमने अपने जी को बहलाया है
जिन बातों को खुद नहीं समझे, औरों को समझाया है

(भारत)

शुक्रवार, 3 जनवरी 2020

कभी खुद से मुलाकात कर लेने में हर्ज क्या है?










अक्सर जीवन में यही होता है कि कोई भी विषय, समस्या या परेशानी हो, हर कोई उसके पैदा होने के लिए दूसरों को जिम्मेदार मानते हुए अपने को उसका हल या समाधान निकालने के लिए सब से अधिक ज्ञानी मानता और समझता है। कोई भी विवाद जो  चाहे कितने ही वर्ष, महीने, दिन की अवधि पार कर चुका हो, इनके लिए चुटकी बजा कर हल किया जा सकता है, अगर इनके सुझाए तरीके का इस्तेमाल किया जाए। इस बारे में आगे बात करने से पहले इन पंक्तियों का आनंद लीजिए । 

माना कि यह वर्ष
सुलझनों और उलझनों के बीच बीता
तो नव वर्ष में भी
समस्याओं के निदान मिलते रहे
तो हर्ज क्या है ?

माना कि कुछ नए रिश्ते बने, कुछ  पुराने बिगड़े
तो फिर इस वर्ष भी
नवीन का स्वागत और पुरातन से बिछोह
हो जाए तो हर्ज क्या है ?

संभल कर चलने पर भी
लड़खड़ाए कई बार और फिर आगे बढ़ गए
तो फिर नव वर्ष में भी
गिरते पड़ते उठकर चल पड़ने में हर्ज क्या है ?

सपने कुछ पूरे, कुछ अधूरे, कुछ टूट गए होंगे
सपने तो सपने हैं जब चाहे गढ़ लो
नए वर्ष में नए नए सपने बुनने और
पूरा होने की आस लगाने में हर्ज क्या है

प्यार का इजहार, इकरार, तकरार भी हुई होगी
प्यार का क्या है
कभी भी, किसी से भी और कहीं भी हो जाए
नव वर्ष में नया सा प्यार करने में हर्ज क्या है

उम्र कोई भी हो वक्त के साथ स्वभाव बदलती है
चाहत का कोई अंत नहीं
किसी न किसी रूप में हो ही जाती है
नए साल में नई इच्छा करने में हर्ज क्या है

तय है कि भाग्य का लेखा मिट नहीं सकता
तय है कि जीवन का अंत होना ही है
तो फिर नव वर्ष में
कोई नया जोखिम लेने में हर्ज क्या है

जिन्दगी जिंदादिली का नाम है
बचपन, जवानी और उम्र दराज होने का दौर
सभी के हिस्से में आता है
नए साल में नए ढंग से जीने में हर्ज क्या है

नव वर्ष नूतन और अभिनन्दन का वर्ष हो
किसी भी हाल में रहें
हाथ फैलाकर गले लगाकर
स्वागत करने में हर्ज ही क्या है।

स्वयं से बातचीत

जब हम अपने से बात करने का सिलसिला शुरू करते हैं तो हमारे दिमाग में जो सबसे पहले आता है वह किसी वस्तु, व्यक्ति अर्थात जड़ और जीवन से जुड़ा कुछ भी हो सकता है जिसके प्रति हम अपनी समस्त इन्द्रियों सहित आकर्षित होते हैं। यह आकर्षण ही है जो सबसे पहले हमारे मन में आता है और उसे हम अलग अलग तरीके से व्यक्त करने के लिए आतुर हो जाते हैं।

यह  कविता, कहानी, संगीत, चित्रकारी, नृत्य, गायन, वादन, अभिनय जैसी विधाओं में से कुछ भी हो सकता है। मतलब यह कि अपनी चाहत, लगाव और समर्पण को अपने से बातचीत करने की प्रक्रिया के दौरान मजबूत करते हैं और जब भी कोई मौका मिलता है, अपनी बात कह देते हैं।

यह हर युग में होता आया है, प्राचीन काल में पत्थरों पर अंकित शिलालेख, ताम्रपत्रों पर लिखे आख्यान, पांडुलिपियों में वर्णित अपने समय के दस्तावेज और वर्तमान युग में आधुनिक संचार और पढ़ने, लिखने, देखने, सुनने के विभिन्न साधनों का इस्तेमाल अपनी बात कहने के लिए होता आया है।

यह जो नियम कायदे बनते हैं, कानून बनाए जाते हैं, धार्मिक ग्रंथों का हवाला देकर अपनी बात मनवाने की कोशिश की जाती है, यह सब अपने आप से बातचीत करने के बाद अर्थात जो व्यक्तिगत है, उसे  सार्वजनिक रूप से मान्यता दिलाने की कोशिश होती है जिसमें कुछ व्यक्तिवादी,  पुरुष हों या स्त्री,  हदें पार कर जाते हैं।

इनमें हिटलर जैसे तानाशाह और गांधी जैसे मानवता के रक्षक कोई भी हो सकते हैं। फर्क सिर्फ यह है कि हम अनुसरण करने के लिए किसको चुनते हैं, हिटलर को या गांधी को, यही व्यक्तिगत सोच के सही या गलत होने की कसौटी है।

यह जो राजनीतिक या सामाजिक आंदोलन होते हैं, ये सब एक तरह से अपनी सोच जिसे अक्सर सिद्धांत का नाम देते हैं, उसी का परिणाम होता है।

जरूरी नहीं कि हमारी सोच दूसरों से मेल खाए लेकिन हम उस पर अडे रहते हैं, नतीजा हिंसात्मक विद्रोह तक हो सकता है, जिसे हम अभिव्यक्ति की आजादी से लेकर कोई भी आकर्षक नाम देकर समाज में बिखराव तक पैदा कर देते हैं।

अपने से बातचीत का परिणाम जहां एक ओर सुख का कारण बन सकता है, वहां अपनी ही विकृत सोच का नतीजा, जरा सी बात का अफसाना बनाने में भी निकल सकता है।

उदाहरण के लिए क्या जरूरत है आज यह कहने की कि भारत का विभाजन धार्मिक आधार पर हुआ  और यह किसी दिवंगत नेता  की अपनी सोच के कारण हुआ। क्या यह पुराने जख्मों को कुरेदना नहीं है जिसका इस्तेमाल आज अपनी व्यक्तिगत सोच को दूसरों पर लादने के लिए किया जा रहा है?  इसी तरह क्या जरूरत है, नागरिकता कानून में संशोधन, जनसंख्या या नागरिकता  रजिस्टर बनाने की बात पर पक्ष हो या विपक्ष, इतना बवाल करने की कि समाज में व्यवस्था की नीव ही हिल जाए?

सकारात्मक सोच

मान लीजिए आप कोई नौकरी करते हैं और यह सोचते हैं कि आप अपने पद से आगे बढ़ ही नहीं सकते तो आप जीवन भर उससे बंधे रह सकते हैं लेकिन यदि आपकी सोच यह है कि आप अपने संस्थान के सर्वोच्च पद पर स्वयं को देखना चाहते हैं तो यकीन मानिए, एक दिन आप वहां अपने कि वहां बैठा हुआ पाएंगे।

एक उदाहरण है। जब देश में सीएसआईआर की स्थापना हुई तो उसके महानिदेशक डॉक्टर आत्मा राम से पूछा कि आप यहां तक कैसे पहुंचे। उनका जवाब था कि ‘ मैं सबसे निचले पद अनुसंधान सहायक के पद पर नियुक्त हुआ था, बाद में जैसे ही मुझसे अगले पद पर बैठा व्यक्ति अवकाश या छुट्टी पर जाता था तो मैं उसका भी काम करने की पेशकश अधिकारियों से कर देता था जो मान ली जाती थी और इस तरह मुझे अवसर और अनुभव दोनों मिलते रहे और मैं यहां तक पहुंच गया।‘

इसी तरह मान लीजिए, आप कोई व्यापार या व्यवसाय करते हैं तो आपके आकर्षण का केंद्र दो चीजें हो सकती हैं। पहली यह कि मैंने यह जो धन, संपत्ति अर्जित की है, कहीं खो न जाए, मुझ पर जो ऋण हैं, कहीं में उन्हें चुका न पाऊं, मैंने अब तक जो कमाया, वही काफी है, आगे न जाने क्या हो। मतलब यह कि जो ज्यादातर खोने के बारे में ही सोचता रहता है तो या तो वह व्यक्ति वहीं का वहीं रहता है या फिर खोता ही रहता है।

दूसरी सोच यह हो सकती है कि मुझे अभी बहुत कुछ पाना है, मुझे दफ्तर के लिए आलीशान बिल्डिंग चाहिए, मेरा कारोबार देश में ही नहीं, विदेशों तक में फैले। मतलब यह कि हर वक्त उसके मन में तरंग सी उठती रहती है कि मुझे यह करना है, वह करना है, इतना धन सम्मान और वैभव अर्जित करना ही है तो होता यह है कि उसकी सोच इन सब चीजों से टकराकर वापिस उसकी तरफ लौटती है तो वह हमेशा पाता ही रहता है।

एक आंकड़ा है कि दुनिया की 96 प्रतिशत आमदनी केवल एक प्रतिशत लोगों द्वारा अर्जित की जाती है। उदाहरण के लिए अपने ही देश के अम्बानी परिवार के दोनों भाइयों को ही ले लीजिए। एक हमेशा पाता ही रहता है और दूसरा खोता ही रहता है।

यह अपनी चाहत का ही खेल है। चाहो तो मिलेगा न चाहो तो नहीं मिलेगा। या तो अपने दिल और दिमाग की सुन लो या फिर दूसरों की कही बातें सुनकर खुद भी वही कहने और करने  लगो।

खुशी और गम चुंबक की तरह होते हैं, एक के आकर्षण में खुश रहना है तो दूसरे में गमगीन। जरा सोचिए जब आप किसी सुबह अचानक कोई गाना गुनगुनाना शुरू करते हैं तो दिन भर गुनगुनाते ही रहते हैं और अगर कभी कोई पुरानी दुखद सोच हावी होती है तो पूरे दिन दुख से भरे रहते हैं ? इसलिए जहां तक हो सके, सकारात्मक सोच से शुरुआत और नकारात्मक सोच को विदा करते रहें।

शुक्रवार, 27 दिसंबर 2019

सरकार जानकारी जुटाए, जनता जानकारी दे, इसमें हर्ज क्या है?








यह बात किसी से छिपी नहीं है, चाहे नेता हो, राजनीतिक दल हो या सरकार और उसे चुनने वाले हों कि राज्यों से लेकर केंद्रीय सरकार के लिए वोट देने वाले मतदाताओं की सूचियों में भारी चूक होती है, मतलब यह कि किसी का नाम अगर स्थानीय चुनावों की सूची में तो है लेकिन लोकसभा की मतदाता सूची में नहीं है अर्थात एक लिस्ट में है, दूसरी में नहीं।


अब होता यह है कि वोटर इसे मामूली बात समझकर नजरंदाज कर देता है और सोचता है कि उसने अगर किसी चुनाव में वोट नहीं दिया तो कौन से पहाड़ टूट जाते। इस तरह वोट के जरिए सरकार चुनने के अपने मौलिक, संवैधानिक और एकमात्र अधिकार से वह किसी की गलती से या फिर जानबूझकर वंचित कर दिया गया और कहीं भी कोई आवाज उठना तो दूर, किसी के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगती। यह सब इसलिए हो पाता है क्योंकि हम अपने अधिकार हों या कर्तव्य, उनके प्रति न तो जागरूक हैं और न ही उसके नतीजों के बारे में जानने की रुचि होती है।


हंगामा क्यूँ करते हैं ?

जब हम अपने लिए कोई रोजगार करने या नौकरी करने के बारे में कदम उठाते हैं तो सबसे पहला काम अपने योग्य होने के प्रमाण पत्र, शिक्षा और अनुभव के विवरण जुटाते हैं और उन सब जानकारियों को हर सम्भव तरीके से उस संस्थान या व्यक्ति तक पहुँचाते हैं जो हमें व्यवसाय स्थापित करने या नौकरी देने में मदद कर सकता हो।


उदाहरण के लिए जब बैंक वाले हमें ऋण देने या सरकार का कोई विभाग अपनी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए हमारी पात्रता का आकलन करने के लिए व्यक्तिगत हो या पारिवारिक, शैक्षिक हो या आर्थिक यहाँ तक कि जातिगत हो या धार्मिक, कोई भी जानकारी माँगता है तो हम देने के लिए सहर्ष तैयार हो जाते हैं और बिना कोई सवाल पूछे तुरंत दे देते हैं, यह तक नहीं पूछते कि बहुत सी बेमतलब की जानकारी भी क्यों ली जा रही है जिसका कर्ज देने या लाभ देने से दूर का भी सम्बंध नहीं होता।


इसी तरह बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाते समय भी कोई पूछताछ नहीं करते और यहाँ तक कि अधिकारियों के सामने माता पिता होने का प्रमाण पत्र भी देते हैं, यदि स्वयं इंटरव्यू देना पड़े तो वह भी देते हैं जिससे प्रमाणित हो जाए कि उनकी संतान उस संस्था में पढ़ने के योग्य है। बहुत से माता पिता अपने बच्चे की जन्मतिथि तक गलत बताने से परहेज नहीं करते, अगर इससे आगे चलकर परीक्षा या नौकरी या कोई सहायता मिलने की उम्मीद हो।


आजादी के आसपास जन्मी पीढ़ी की तो अक्सर पैदा होने की दो तारीखें जीवन भर इनके साथ चलती हैं। एक जो स्कूल में दाखिले के समय लिखाई गयी और जो बाद में सरकारी दस्तावेजों में अंतिम समय तक लिखी रहती है और दूसरी जो असली होती है और जन्मपत्री के अनुसार होती है। मेरी स्वयं की दो तिथियाँ हैं, एक तीन मई जो सरकारी रिकार्ड में है और दूसरी अठारह जुलाई जो जन्मपत्री में है और असली है। मेरे पिता का कहना था कि स्कूल में तीन मई इसलिए लिखवाई क्योंकि मास्टर जी ने कहा था कि इसका फायदा परीक्षा में मिलेगा।


इस मामले में अकेला नहीं हूँ जो जीवन भर दो जन्म तिथियों को ढोता रहा है, बल्कि मेरे जैसे काफी अधिक संख्या में होंगे।
जानकारी लेने और देने का सिलसिला इतना व्यापक हो गया है कि अब तो कोई वस्तु खरीदने पर दुकानदार हमारी व्यक्तिगत जानकारी माँगता है तो वह भी बिना एक भी प्रश्न पूछे दे देते हैं, चाहे बाद में इसका गलत इस्तेमाल होने का अंदेशा ही क्यों न हो ?  मजेदार बात यह है कि कोई हंगामा नहीं होता !


जनसंख्या और जनगणना 


यह किसी भी समझदार व्यक्ति की समझ से परे होने की बात है कि अगर सरकार जनसंख्या के आँकड़े जुटाना चाहती है तो इसमें गलत क्या है ? अब अगर हम सरकार को भी वह सब जानकारी दे देते हैं जो कोई काम धंधा, रोजगार या नौकरी पाने के लिए दूसरों को बिना किसी हिचकिचाहट के देते हैं,

बहुत ही कम मात्रा में सरकार के माँगने पर देने से न केवल मना कर देते हैं बल्कि इसे लेकर हिंसात्मक आंदोलन करने तक पर उतारू हो जाते हैं। यही नहीं इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लेते है और यहाँ तक कि राजनीतिक दलों के निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए उनकी कठपुतली बनने के लिए भी तत्पर हो जाते हैं।


जनकल्याण के लिए समर्पित किसी भी सरकार का यह दायित्व और कर्तव्य होता है कि वह देशवासियों के लिए इस तरह की योजनाएँ बनाए जो उसे सुख और शांति से जीवन जीने के साधन दे सकने की व्यवस्था कर सकें। यह तब ही सम्भव हो सकता है जब किसी भी सरकार या प्रशासनिक इकाई को यह पता होगा कि उसे कहाँ कितने लोगों के लिए कौन सी व्यवस्था करनी है।


इसे आसानी से इस तरह समझा जा सकता है कि जब रेल या हवाई यात्रा करने से पहले यह जानकारी ली जाती है कि यात्री को शाकाहारी भोजन चाहिए या माँसाहारी तो इसका मकसद केवल यह होता है कि कितने लोगों के लिए किस प्रकार के भोजन का इंतजाम करना होगा। 


भारत जैसे विशाल देश के लिए सही, सटीक और उपयोगी योजनाएँ बनाने का काम कोई भी सरकार केवल तब ही कर सकती है जब उसे यह पता होगा कि हमारी आबादी कितनी है, उसका घनत्व क्या है, कौन सी सुविधाएँ उस तक तुरंत पहुँचनी चाहिएँ और किन के लिए उसे पंच वर्षीय योजनाओं से जोड़ा जाना है।



जनसंख्या के आँकड़े एकत्रित करने का सरकार के पास कोई और कारण या अजेंडा भी हो सकता है तो आंदोलन करने वालों को इसका खुलासा करना चाहिए ताकि असलियत तो सामने आए, कुछ लोगों के बहकाने से जानकारी न देना या अपना नाम और पता गलत बताने से नुकसान केवल सामान्य नागरिक का ही होता है। यहीं से गरीबी बढ़ने और पिछड़ेपन की शुरुआत होती है।



भारत में हर दस वर्ष बाद जनगणना करने का मतलब ही यही है कि यह अनुमान लगाया जा सके कि देश में कितनी सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों और दूसरे संसाधनों की जरूरत है और अगर इस कवायद के साथ साथ इस बात का हिसाब भी रख लिया जाए कि आबादी कितनी है, हालाँकि यह डूप्लीकेट एक्सरसाइज है, फिर भी बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के इसे किए जाने की जरूरत सरकार समझती है तो उसे करने देने में हर्ज ही क्या है ?



भारतीय नागरिकता 


यह तो तय होना ही चाहिए कि भारत में कितने नागरिक भारतीय हैं और कितने विदेशी। वसुधेव कुटुम्बकम का अर्थ यह नहीं कि कोई भी विदेशी अनधिकृत रूप से यहाँ रहता रहे और उस पर निष्कासन की कोई कार्यवाही न हो।

संविधान में नागरिकता को लेकर कोई भी विरोधाभास नहीं है, भारतीय नागरिक होने, उसके बनने और किसी को किन्हीं विशेष परिस्थितियों में नागरिक बनाने या किसी से उसकी भारतीय नागरिकता रद्द करने के लिए सब कुछ स्पष्ट रूप से वर्णित है तो फिर सभी भारतीय नागरिकों का एक रजिस्टर बनाने में हर्ज ही क्या है ?



जब कोई विदेशी देश में उत्पात मचाने, देशद्रोही गतिविधियाँ करने से लेकर आतंक फैलाने के इरादे से प्रवेश करता है और पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही होने तक डिटेन्शन सेंटर में रखा जाता है तो इसमें हर्ज ही क्या है ?


जब संविधान बना था, उस समय टेक्नालोजी का इतना विकास नहीं था, अब यदि प्रत्येक नागरिक को उसका एक ही पहचान पत्र मिल जाए जिसमें उसका सभी विवरण हो और सब ही जगह केवल एक ही कार्ड दिखाने से उसका काम चल जाए तो इसमें हर्ज ही क्या है ?


वर्ष अंत और नव वर्ष आगमन 


यह वर्ष राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक मोर्चों पर काफी उथल पुथल भरा होने के साथ साथ मंदी, बेरोजगारी, महँगाई के कारण भी याद किया जाएगा। युवा हों, अधेड़ हों या वृद्धावस्था का आलिंगन कर रहे बुजुर्ग हों, सभी के लिए इस वर्ष कुछ न कुछ था और इसका अंत भी एक साधारण परंतु मौलिक विषय नागरिकता पर जबरदस्त विवाद से हो रहा है, लेकिन फिर भी सभी पुरानी यादों को भुलाकर हँसी खुशी नए वर्ष में प्रवेश करने में हर्ज ही क्या है ?


(भारत)

शुक्रवार, 20 दिसंबर 2019

पढ़े लिखों का अनपढ़ जैसा व्यवहार भ्रष्ट नेता-अधिकारियों का जन्मदाता है







हमारे देश में स्वतंत्रता प्राप्त करने से पहले जो नेताओं की पीढ़ी थी, उसके सामने देश को आजादी दिलाने और देशवासियों की सेवा और वह भी ज्यादातर निस्वार्थता के साथ करने का लक्ष्य हुआ करता था जिसमें वे अक्सर अपनी व्यक्तिगत सम्पत्ति, यदि कोई होती थी, को भी लगा दिया करते थे।


आजादी के कुछ वर्षों बाद तक नेताओं के मन में यही भावना बनी रही लेकिन जैसे जैसे राजनीतिक नेतागीरी फायदे का सौदा दिखाई देने लगी और उससे बिना कुछ ज्यादा मेहनत किए धन, दौलत, शान-शौकत और सब से अधिक अपने पास ताकत होने का नशा सिर चढ़कर बोलने लगा तो उनके रंग ढंग बदलने लगे और सेवा के स्थान पर मेवा पाने की लालसा बलवती होती गयी।



आज जिस तरह राजनीतिज्ञों का पतन देखने को मिल रहा है और अनेकों विभिन्न अपराधों की सजा भुगतनी पड़ रही है, वह इस धारणा की पुष्टि करने के लिए काफी है कि अब अधिकतर लोग नेतागीरी का पेशा केवल इसलिए करते हैं कि उससे उन्हें समाज के नुकसान के बल पर भी मुनाफा होता रहे और वे नागरिकों को मूर्ख बनाने में सफल होते रहें।


शिक्षितों पर अज्ञानता का पर्दा 

यह देखकर दुःख तो होता ही है, आश्चर्य भी होता है कि कैसे पढ़े लिखे होने के बावजूद बहुत से लोग नेताओं के बहकावे में आकर बिना सच्चाई की परख किए हिंसा और सार्वजनिक सम्पत्ति की हानि करने पर उतारू हो जाते  हैं। उदाहरण के तौर पर नागरिक संशोधन कानून को लेकर मेरे एक शिक्षित मुस्लिम मित्र और सहयोगी ने पूछा कि ‘इससे उसकी भारतीय नागरिकता समाप्त हो जाएगी तो वह कहाँ जाएगा, उसके पूर्वज यहाँ पैदा हुए, आजादी के बाद यहीं रहने का फैसला किया और इसे अपना वतन समझकर अब तक जीते रहे, अब उसका और उसके परिवार का क्या होगा, कहाँ जाएँगे हम लोग और यह कहते कहते उसकी आँखों से आँसू बहने लगे !‘


यह पूछने पर कि क्या उसने कानून पढ़ा है, उसका जवाब नहीं में सुनकर उसके सामने जब इंटर्नेट की मदद से समझाया तो उसका मन थोड़ा शांत हुआ लेकिन बाद में टी वी और अखबारों में छात्रों के प्रदर्शन की बात से फिर परेशान हो गया। ये नेता किस तरह जनता को मूर्ख समझते हैं, इसका इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में कई दलों के नेता ‘चोर चोर मौसेरे भाई‘ की कहावत को सिद्ध करते हुए राष्ट्रपति के पास स्वयं उन्हीं के हस्ताक्षर से बने कानून को वापिस लेने की गुहार लगाने चले गए ताकि जनता को दिखा सकें कि वे कितने संवेदनशील हैं।


प्रियंका गांधी जब यह कहती हैं कि इस कानून से संविधान की धज्जियाँ उड़ा दी गयी है और अरविंद केजरीवाल इस सवाल के जवाब में कि आखिर इस कानून से किसी की नागरिकता पर आँच कहाँ आ रही है,  पलटकर सवाल पूछने लगते हैं कि अभी इस कानून को लाने की जरूरत क्या थी तो इससे स्पष्ट हो जाता है कि इन नेताओं को सब कुछ पता है लेकिन जनता को बरगलाने का कोई भी मौका क्यों छोड़ा जाए ?


इसी तरह चाहे बंगाल की ममता हों या उत्तर प्रदेश की मायावती या अखिलेश हों, यह जानते हुए भी कि इस कानून से भारत में रहने वाले किसी भी मुस्लिम नागरिक की नागरिकता को कोई खतरा नहीं है, केवल जनता को मूर्ख बनाकर अपना उल्लू सीधा करने की खातिर भड़काऊ बयान देते रहते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि जनता चाहे कितनी भी पढ़ी लिखी हो, उसे भ्रम में रखना बहुत ही आसान है।  उन्हें यह भी भरोसा होता है कि आम आदमी के पास दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने के बाद इतना समय ही कहाँ बचता है कि वह किसी भी मामले की सत्यता को जानने के बारे में सोचे।


पढ़े लिखों के इस व्यवहार से अनपढ़ जनता तो आसानी से बहकावे में आ ही जाती है और दोनों ही अनजाने में अपना अनिष्ट करने पर आमादा हो जाते हैं, लेकिन सब से बड़ा फायदा उनका होता है जो असामाजिक तत्वों की श्रेणी में आते हैं, गुंडागर्दी, लूटखसोट का कारोबार करते हैं और आगजनी से लेकर हत्या तक करने में उन्हें तनिक भी संकोच नहीं होता। उनकी हिम्मत इस वजह से हमेशा बुलंद बनी रहती है क्योंकि लगभग सभी दलों को उनकी अक्सर जरूरत पड़ती रहती है और उनके सिर पर नेताओं का वरदहस्त सदा बना रहता है।



अक्सर यह बात मन में आती है कि उच्च शिक्षित, प्रोफेशनल व्यवसायी से लेकर उद्योगपति तक में से कोई व्यक्ति साधारण परिस्थितियों में राजनीति अर्थात देश को नेतृत्व देने के लिए पहल क्यूँ नहीं करता तो इसका अर्थ यही है कि वे अपने नैतिक और व्यावसायिक मूल्यों के साथ कोई समझौता नहीं कर सकते।


एक बानगी देखिए। पहले तो कोई राजनीतिक दल उन्हें अपनी पोल खुलने के डर से टिकट ही नहीं देगा और अगर मान लीजिए किसी कारण से दे दिया और उसे चुनाव में उम्मीदवार घोषित कर दिया तो सबसे पहले जानते हैं उसका साथ देने उस क्षेत्र से कौन आएगा? उस इलाके का कोई सफेदपोश गुंडा जो अपनी धाक के बल पर अधिक से अधिक वोट दिलवाने की गारंटी लेगा। इसके बदले में जितने भी उसके गैर कानूनी काम हैं, उनके लिए जीत के बाद संरक्षण चाहेगा । उसके बाद अपनी तरफ से चुनाव में खर्च करने के लिए वे स्थानीय व्यापारी अपने पैसों से भरे बैग लेकर आएँगे जो जमाखोरी, कालाबाजारी और
मुनाफाखोरी को ही अपने काम धंधे का मूल मंत्र मानते हैं।


जब हालत यह है तो किसी भी ईमानदार व्यक्ति को बेमन से ही सही, अपने आदर्शों को तिलांजलि देने में डर क्यूँ लगेगा? उन्हें भी जीत के बाद अपनी पूर्ण सुरक्षा चाहिए।


शिक्षित होकर भी रिश्वत देना

अक्सर जब हम किसी सरकारी दफ्तर और आजकल तो पब्लिक सेक्टर से लेकर प्राइवेट  संस्थानों तक में अपना  कोई काम कराने के लिए, जोकि बिलकुल नियमों के मुताबिक होने पर भी, रिश्वत देने के लिए तैयार हो जाते हैं तो इसका कारण भ्रष्टाचार में लिपटा तंत्र तो है ही, साथ में हमारा पढ़ा लिखा होने के बावजूद यह मान लेना है कि रिश्वत तो देनी ही पड़ेगी चाहे हम कितने भी सही हों।


सामान्य नागरिक यह मानकर चलता है कि रिश्वत दिए बिना काम नहीं होगा लेकिन इसके लिए वह बिचैलियों के जाल में फँसकर अपना नुकसान ज्यादा कर लेता है क्योंकि  किसी भी सौदे में दलाली करने को अब एक व्यवसाय का दर्जा मिल चुका है। हालाँकि यह गलत और नैतिकता के खिलाफ है लेकिन आज इन शब्दों का मोल ही क्या रह गया है, इसलिए अपना काम निकलवाने के लिए सीधे ही अधिकारी से तय कर लीजिए कि वह क्या लेकर उसका काम करेगा, कम से कम दलाली तो बचेगी !


लगभग प्रत्येक व्यवसायी, व्यापारी और उद्योगपति के पास ऐसे अनुभवों का पिटारा होगा जिसमें से रिश्वत देकर काम कराने की अनगिनत कहानियाँ निकल पड़ेंगी। बिना रिश्वत दिए या अपने रसूख का इस्तेमाल किए बिना किसी का कोई भी काम समय पर हो गया हो तो इसका उदाहरण ढूँढने पर भी शायद ही मिले, यह चुनौती दी जा सकती है।


क्या करें और क्या नहीं 


यह एक विचित्र स्थिति है। फिर भी इतना तो कर ही सकते हैं कि अपने पढ़े लिखे होने का लाभ उठाकर किसी भी मामले में अपनी प्रतिक्रिया देने या कोई नासमझी भरा कदम उठाने से पहले उस विषय की पूरी जानकारी जुटा लें ताकि कोई आपको अपनी स्वार्थपूर्ति का साधन या अपनी सोची समझी चाल का मोहरा न बना सके। अराजकतावादी और गैर सामाजिक तत्वों से लेकर आतंकवादी तक हमारे भोलेपन का फायदा उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, यदि हम तनिक भी असावधान रहेंगे।

(भारत)

शुक्रवार, 13 दिसंबर 2019

कानूनी अधिकार मिले तो ठीक है पर पड़ताल भी जरूरी है










यह विडंबना ही तो है कि हमारे देश में बरसों बरस तक किसी अन्य देश से आए नागरिक एक शरणार्थी के रूप में आएं जिन्हें उस देश में धार्मिक आधार पर जुल्म का शिकार होना पड़ा हो और यहां बिना किसी आधार पर रह रहे हों। उनका यहां रहने का एकमात्र तरीका यह रहा हो कि जो उनका देश था वहां से उन्हें भारत का वीजा मिला हो और वे उसकी अवधि समाप्त होने पर उस देश में लौटने के बजाय वीजा अवधि बढ़वाकर यहां रह रहे हों।



भारत में उन्हें रहने का न तो कानूनी अधिकार था न ही भारत के संविधान के अनुसार वे यहां रह सकते थे। भारत सरकार उन्हें जबरदस्ती वापिस जाने को भी नहीं कह सकती थी क्योंकि वे भारत में सदियों से रह रहे हिन्दू, सिख, ईसाई, बौद्ध, पारसी हैं और राजनीतिक उथल पुथल के कारण पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में रह रहे थे और वहां उनके साथ भेदभापूर्ण व्यवहार हुआ जिसके चलते वे भारत आकर रहने लगे इस उम्मीद में कि कम से कम जिंदा तो बचे रहेंगे।



अब भारत की मजबूरी यह कि मानवीय आधार पर उन्हें निकाला नहीं जा सकता और कानूनन यहां रहने भी नहीं दिया का सकता। इन लोगो की मजबूरी यह कि कोई अन्य देश इन्हे क्यों स्वीकार करेगा, इसलिए अब भारत के सामने एक ही रास्ता बचता था कि इन्हे भारतीय नागरिकता दे दे और इसके लिए कानून में संशोधन कर इन्हे यहां वे सब अधिकार दे दिए जाएं जो सामान्य परिस्थतियों में किसी भी भारतीय नागरिक को मिले होते हैं।



एक खबर थी कि  डेढ़ करोड़ लोग हैं और दूसरे आंकड़ों के मुताबिक लगभग तीस हजार हैं जिन्हें कानून में संशोधन कर भारतीय नागरिकता दी जानी है।
संख्या चाहे कितनी भी हो लेकिन प्रश्न यह कि कैसे तय होगा कि ये अपने पर हो रहे अत्याचार के कारण वहां से भारत आए ?



हो सकता है कि उनकी बात सही हो लेकिन क्या ये नहीं हो सकता कि उनमें से कोई  उस देश के कानून के अनुसार किसी गैर कानूनी गतिविधि में शामिल होने के कारण वहां प्रताड़ित या दंडित किया गया हो और उससे बचने के लिए भारत इस उममीद पर आ गया हो कि यहां  कोई पूछताछ नहीं होगी और वे मजे में यहां रह सकते हैं। यही नहीं उनकी यहां जन्मी संतान भी यहां भारतीय संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए रह सकती है।



ऐसे लोगों को वोट देने या कोई भी ऐसी सरकारी सुविधा पाने का अधिकार नहीं जिसके लिए भारत की नागरिकता जरूरी हो। कुछ लोगों के साथ धार्मिक आधार पर प्रताड़ित किया जाना वास्तविक हो सकता है लेकिन हम उस देश के साथ कूटनीतिक संबंधों के जरिए सही बात का पता लगाएं बिना कैसे भारतीय नागरिक होने का अधिकार दे सकते हैं। अगर सरकार ने पूरी जांच पड़ताल कर ली है तब तो ठीक है लेकिन यदि नहीं तो आगे चलकर इनकी वजह से कोई अनहोनी भी हो सकती है।



भारत ही शायद एकमात्र ऐसा देश होगा जहां बिना नागरिकता लिए कोई भी आराम से दस बीस साल रह सकता है और न किसी को पता लगता है और न ही किसी को उसके पास भारतीय नागरिकता न होने का शक हो सकता है।



अब शायद ही गिने चुने लोगों को छोड़कर किसी को यह पता होगा कि अभिनेता अक्षय कुमार भारतीय नहीं बल्कि कनाडा के नागरिक हैं। इसी तरह और भी बहुत से साधन संपन्न, धनी मानी और रसूखदार लोग बिना भारतीय नागरिक बने यहां केवल फल फूल ही नहीं रहे होंगे बल्कि उनकी सरकार से लेकर राजनीति, व्यापार, व्यवसाय में भी भारी दखल होगा।



पाकिस्तान से यहां आकर अभिनय और गायन से शानदार जीवन बिताने वाले अनेक कलाकारों की पोल अक्सर खुलती रहती है। एक सवाल यह भी है कि यह लोग जो करोड़ों अरबों रुपया भारत में रहकर कमाते हैं, उस कहां रखते है, टैक्स किसे देते हैं और सरकार उनसे कुछ कहती क्यों नहीं कि आखिर बिना भारत की नागरिकता लिए यहां कैसे रह रहे हैं।



यह माना जा सकता है कि वास्तव में अत्याचार के शिकार अपने को भारतीय कहलाने और  भारत को ही अपना एकमात्र ठिकाना मानने वाले सच कह रहे हों लेकिन अपने राजनीतिक फायदे के लिए अर्थात वोट बैंक की खातिर एक धर्म विशेष के लोगों को भारत में रोके रखना कहां की इंसानियत है। रोहिंगियाओं की यही कहानी है।


जिन लोगों के बारे में आधिकारिक तौर पर पता है कि वे भारत के नागरिक नहीं है लेकिन यह भी वास्तविकता है कि बड़ी तादाद में ऐसे लोग यहां रह रहे हैं जिन्हें शरणार्थी नहीं बल्कि घुसपैठियों की श्रेणी में रखा जाना चाहिए और उन्हें देश से निकाला ही जाना चाहिए।



संसद में कानून तो पास हो गया लेकिन अब चुनौती यह है कि इसके परिणामस्वरूप जो गुस्सा कुछ समुदायों में देखने को मिल रहा है और जिसके कम होने के बजाय उसके बढ़ने की उम्मीद ज्यादा है तो उससे कैसे निपटा जाएगा जबकि कुछ राजनीतिक दल इस मुद्दे से निकले आक्रोश्े की आग पर अपनी रोटियां सेकने में लगे हैं और पूरे देश में अस्थिरता का माहौल बनाना चाहते है।


एक उम्र के बाद 

आम तौर से साठ से पिचहतर वर्ष की आयु में पुरुष हो या महिला उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति ऐसी हो जाती है जिसमें वे अपने अब तक के जीवन का लेखा जोखा इस आधार पर करने लगते हैं कि उन्होंने जीवन में क्या खोया और क्या पाया।



सामान्य व्यक्ति जो कोई नौकरी, रोजगार, व्यापार या व्यवसाय जीवन भर करता रहा होता है, अब उससे निवृत्त होने और अपने पारिवारिक जनों के बीच अब तक की जमा पूंजी को बांटने की बात सोचने लगता है। कुछ लोगों के लिए यह अब तक की कमाई को ठिकाने लगाना होता है और कुछ के लिए उसे अपने भविष्य के लिए सुरक्षित स्थान पर रखकर उससे जो ब्याज यानी रिटर्न मिले उससे अपना बाकी का जीवन आराम से बिताने की इच्छा होती है।



इसके पीछे यह भी भावना रहती है कि अपना शेष जीवन तो सुख से बीत ही जाए, साथ में परिवार में बेटे बेटी, बहू, नाती पोतों के लिए भी कुछ न कुछ छोड़कर इस संसार से विदाई ली जाए।


अक्सर ज्यादातर लोगों की इच्छा बस अपने परिवार तक ही सीमित होकर रह जाती है और वे अपने और अपने जीवन साथी के साथ आनंद के क्षण अपनी मर्जी से बिताने का मौका तलाशते ही रह जाते हैं और जीवन की  डोर छूटने को हो जाती है।


ऐसे लोगों को चाहिए कि तन से कमजोर और मन से डावांडोल होने से पहले जिन्दगी की इस सच्चाई को मानते हुए कि शरीर को तो एक दिन पंच तत्व में विलीन हो ही जाना है अपने लिए अपनी सुविधा, शक्ति और सामर्थ्य के अनुसार वह सब करने के बारे में केवल सोच विचार न करते हुए उस पर अमल कर देना चाहिए जो वे अब तक बस सपने में ही सोचा करते थे।



इस उम्र में वह सब करिए जो आप अब तक किसी न किसी वजह से कर नहीं पाए। मतलब यह कि कोई शौक जो किसी न किसी कारण अब तक सिर्फ सोचने से आगे न बढ़ पाए, उसे कर लीजिए, बिना इस बात की परवाह किए कि अगर कोई यह भी कहे कि इस उम्र में इन्हें यह शौक चर्राया है। मत सोचिए कि इस उम्र में लोग क्या कहेंगे जैसे कि सुनने को मिल सकता है ‘सींग  काटकर बच्छड़ों में शामिल हो रहे हैं‘ ।



 इस उम्र में अगर अपने से आधी से भी कम उम्र के लड़के लड़कियों या युवा स्त्री पुरुषों की संगत में वक्त बिताने का मन करे और ऐसा कोई अवसर हाथ आ जाए तो उसे पकड़ने में कोई कसर न बाकी रखें।



कहीं भी जाने, कुछ भी नया करने और देखने की तबीयत हो तो कदम पीछे हटाने की गलती न करें क्योंकि श्जिंदगी न मिलेगी दोबारा‘। कुछ दिन पहले एक अस्सी के लपेटे में चल रही एक ब्रिटिश महिला को लक्षद्वीप में अकेले घूमते देखकर और यह जानने के बाद कि वह एशिया और अफ्रीका के देशों का भ्रमण कर रही हैं, मन भाव विभोर हो उठा, हमारे यहां तो हाथ पैर से सही सलामत होते हुए भी ऐसी घुमक्कड़ी के बारे में सोचने पर भी आश्चर्य होता है।



जो कमाया है उसे खर्च करते रहिए चाहे वो जमापूंजी हो या जीवन के खट्टे मीठे अनुभव। इसका सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि आप भविष्य में नहीं वर्तमान में जीना सीख जायेंगे।